आप सबसे इस ब्लाग पर रचनाओं के प्रकाशन के सम्बन्ध में मात्र इतना निवेदन करना है कि रचनायें ब्लाग की प्रकृति के अनुरूप हों तो ब्लाग की सार्थकता साबित होगी।
------------------------------------------------
ब्लाग पर कविता, कहानी, गजल आदि को प्रकाशित न करें।
जो साथी इसके सदस्य नहीं हैं वे प्रकाशन हेतु कविता, कहानी, गजल आदि रचनाओं को कृपया न भेजें, इन्हें इस ब्लाग पर प्रकाशित कर पाना सम्भव नहीं हो सकेगा।

कृपया सहयोग करें

सभी साथियों से अनुरोध है कि अपनी रचनायें ब्लाग की प्रकृति के अनुसार ही पोस्ट करें। ऐसा न हो पाने की स्थिति में प्रकाशित पोस्ट को निकाला भी जा सकता है।

बुधवार, 23 सितंबर 2009

जब सिनेमाघर में पहली फिल्म देखी

दसवीं कक्षा में आने तक कभी सिनेमाघर में फिल्म नहीं देखी थी उससे पहले नागौर जिले के मोलासर कस्बे में भरने वाले हिंडोला नामक मेले में प्रोजेक्टर के माध्यम से परदे पर खुले मैदान में दिखाई जाने वाली फिल्मे ही देख पाए था मेले में शहीदों पर व देश भक्ति की कई फिल्मे फ्री में दिखाई जाती थी मेले का प्रबंधन मोलासर निवासी प्रसिद्ध ओद्योगिक सोमानी परिवार द्वारा किया जाता है | चचेरा भाई हनुमान सिंह फिल्मो व फ़िल्मी गानों का शौकीन था उसने उस वक्त तक कई फिल्मे भी देख रखी थी वह अक्सर हमें फिल्मो की कहानियां व सिनेमाघरों के बारे में बताया करता था इस मामले में हम अपने आप को उसके सामने निरा बुद्दू ही समझते थे साथ ही हनुमान सिंह की प्रतिभा के कायल थे कि कैसे ये तीन तीन घंटे की पूरी फिल्मो की कहानी और डायलोग याद कर लेता है जबकि हमें तो एक प्रश्न का उत्तर याद करने के लिए कितनी रटत लगानी पड़ती है | हनुमान से फिल्मो की कहानियां व सिनेमाघरों की बाते सुनकर सिनेमाघर में फिल्म देखने की बड़ी जिज्ञासा होती थी |
आखिर दसवी कक्षा में पढ़ते समय ही हमें जीवन में पहली बार सिनेमाघर में फिल्म देखने का सोभाग्य प्राप्त हुआ और वह भी जयपुर के विश्व प्रसिद्ध सिनेमाघर " राजमंदिर सिनेमाघर " में | दसवी कक्षा में पढ़ते समय हमारी सरकारी स्कूल " राजकीय माध्यमिक विद्यालय ,खूड " के शिक्षकों ने हमें शेक्षणिक भ्रमण पर ले जाने का दो दिवसीय कार्यक्रम बनाया | कार्यक्रम के अनुसार हमारा दल खूड कस्बे से रवाना होकर सुबह अजमेर पहुंचा जहाँ दिन भर अजमेर भ्रमण के बाद हम शाम को तीर्थ राज पुष्कर पहुंचे | रात्री विश्राम के बाद सुबह पुष्कर सरोवर में स्नान कर ब्रह्मा मंदिर सहित अन्य मंदिरों के दर्शन कर हम जयपुर पहुंचे | दिन भर जयपुर आमेर आदि के दर्शन करने के बाद हमें रात ९ बजे राजमंदिर सिनेमाघर में फिल्म दिखाने के कार्यक्रम के तहत हमें राजमंदिर सिनेमाघर ले जाया गया | जीवन में पहली बार सिनेमाघर और वो भी प्रसिद्ध राजमंदिर में फिल्म देखने की उत्सुकता व रोमांच का जो अहसास उस वक्त हो रहा था उसे तो में सिर्फ महसूस ही कर सकता हूँ शब्दों में बयान नहीं कर सकता | लेकिन उस रोमांच के साथ मन में एक शंका भी उथल पुथल मचा रही थी क्योकि हनुमान ने बताया था कि राजमंदिर सिनेमाघर में ऐसे गलीचे बिछे है जिन पर पैर रखते ही पैर आधा फीट गलीचे के अन्दर धंस जाता है और समझो ध्यान नहीं रखा तो वहीँ धडाम | हालाँकि गलीचे पर गिरने से चोट तो नहीं लगेगी पर फजीहत तो होगी ही ना | उसने कुर्सियों के बारे में भी बताया कि बैठते ही फेल जाती है वहां भी धडाम होने से बचने हेतु सावधानी बरतनी पड़ती है |
गुरुजन साथ थे तो हमें अनुशासन में तो रहना ही था अतः सभी छात्रों ने एक लाइन बना सिनेमाघर में घुसने के लिए कदम बढाये | सिनेमाघर में घुसते ही वहां बिछे शानदार गलीचे पर बड़े संभल कर हमने कदम रखे कि हनुमान ने जो बता रखा था वो ना हो जाय यही नहीं सीट पर बैठते समय भी पूरी सावधानी बरती ! कही धडाम ना हो जाये और पूरी क्लास जिसमे होसियार बनते थे के सामने कहीं फजीहत ना हो जाये | खैर सीट पर बैठते ही फिल्म " सावन को आने दो " शुरू हो गयी | कब तीन घंटे बीते और कब फिल्म पूरी हो गयी पता ही नहीं चला | जब राजमंदिर सिनेमाघर से बाहर निकले तो अपने आप पर बड़ा फक्र हो रहा था आखिर हमने अपने जीवन में फिल्म देखने की शुरुआत राजमंदिर जैसे विश्व प्रसिद्ध सिनेमाघर से जो की थी | ;

बुधवार, 16 सितंबर 2009

लगे कि हर आदमी टिकट चेकर है

यह घटना एस समय की है जब लातूर में भूकम्प आया हुआ था। हम अपने छोटे भाई हर्षेन्द्र के साथ एक टेस्ट देने के लिए आगरा गये थे। रेलवे की परीक्षा थी, टेस्ट दिया और बापस चल दिये। हम लोगों को कानपुर आना था। टेस्ट देने के बाद हम लोग चले तो रेलवे स्टेशन पर पता लगा कि उस समय कानपुर के लिए कोई ट्रेन नहीं है। जानकारी करने पर मालूम हुआ कि आगरा से टुंडला पहुँच कर वहाँ से आसानी से कानपुर के लिए ट्रेन मिल जायेगी।
आगरा से टुंडला बस से आने के बाद रेलवे स्टेशन पहुँचे। आपकी एक शंका को दूर करने के लिए बताते चलें कि एक तो टेस्ट होने के कारण बसों में भीड़ बहुत थी दूसरे हमें बस की यात्रा तकलीफ ज्यादा देती है। इस कारण से हम ट्रेन से यात्रा करने की सोच रहे थे।
टुंडला स्टेशन पर जैसे ही पहुँचे पता लगा कि एक ट्रेन आ रही है। हालांकि ट्रेन थी पैसेंजर और कानपुर पहुँचना बहुत ही आवश्यक था। इस ट्रेन के बाद दो-तीन घंटे कोई ट्रेन भी नहीं थी। जल्दी से टिकट खिड़की पर पहुँचे तो वह समय सम्बन्धित बाबू की ड्यूटी बदलने का था तो वह अपने हिसाब किताब में व्यस्त था। ट्रेन सामने आती दिख रही थी। उससे बड़ी अनुनय-विनय की पर वह नहीं माना। अब लगा कि यह ट्रेन तो निकली। हमारे भाई ने प्लेटफार्म से आकर सूचना दी कि गाड़ी आकर खड़ी हो गई है। अब तो और भी हालत खराब।
पहले सोचा कि बिना टिकट ही चढ़ जायें पर कभी बिना टिकट यात्रा न करने के कारण से हिम्मत नहीं हो रही थी। सोचा-विचारी में समय न गँवा कर हमने तुरन्त सामने दरवाजे पर खड़े एक टिकट चेकर से अपनी समस्या बताई। उस ने बिना कोई तवज्जो दिये पूरी लापरवाही से कहा कि बैठ जाओ, पैसेंजर में कोई नहीं पकड़ता।
समझ नहीं आया कि क्या करें? सुन तो बहुत रखा था कि इटावा रूट पर चेकिंग नहीं होती पर वही हिम्मत की बात।
अन्त में अपने भाई की तरफ देखा और उस टिकट चेक करने वाले से एक बार और पूछा कि भाईसाहब कोई दिक्कत तो नहीं होगी?
शायद उसको लगा होगा कि कोई अनाड़ी हैं जो पहली बार बिना टिकट यात्रा करने की हिम्मत जुटा रहे हैं। इस बार उसने थोड़ा सा ध्यान हम लोगों की ओर दिया और कहा कि वैसे बिना टिकट जाने में कोई समस्या नहीं फिर भी यदि टिकट लेना है तो दो स्टेशन के बाद यह गाड़ी थोड़ी देर तक रुकती है, वहाँ से ले लेना।
बस हम दोनों भाई तुरन्त लपके क्योंकि गाड़ी भी रेंगने लगी थी। बैठ तो गये, सीट भी मिल गई पर....।
आने जाने वाला हर आदमी लगे कि टिकट चेक करने वाला आ गया। कभी इस तरफ देखें, कभी उस तरफ देखें। लगभग 55 मिनट की यात्रा के बाद वह स्टेशन आया जहाँ से टिकट लिया जा सकता था, हालांकि उसके पहले भी दोनों स्टेशन पर टिकट लेने का प्रयास किया गया पर असफल रहा।
अब सुकून आया और कानपुर तक आराम से आये। आज भी छोटी सी मगर बिना टिकट यात्रा याद है। हम दोनों भाई अब भी कभी-कभी उस समय की अपनी हालत की चर्चा करके हँस लेते हैं।

गुरुवार, 10 सितंबर 2009

महाशोक: डॉ चित्रा चतुर्वेदी 'कार्तिका' नहीं रहीं-ये पोस्ट शब्दकार पर


महाशोक: डॉ चित्रा चतुर्वेदी 'कार्तिका' नहीं रहीं -acharya sanjiv 'salil

ये पोस्ट शब्दकार पर प्रकाशित है। इस ब्लॉग की प्रकृति के अनुसार न होने के कारण इसे यहाँ से निकाल दिया गया है।

कृपया पहला एहसास से जुड़े सभी साथी सहयोग करें।

बार बार एक ही बात दोहराते हुए हमें भी शर्म आती है। आशा है आप अन्यथा नहीं लेंगे।

बुधवार, 9 सितंबर 2009

हम कब तक अपराधियों को महिमा मंडित करते रहेंगे और नयी पीढी के लिए क्या यही सन्देश है ?

इस पोस्ट को यहाँ से हटा दिया गया है क्योंकि यह इस ब्लॉग की प्रकृति से मेल नहीं खाती थी।
यह पोस्ट अभी हमने दस्तावेज़ ब्लॉग
पर प्रकाशित कर दी है।

आशा है आप अन्यथा नहीं लेंगे।
आप सभी से बारम्बार आग्रह है कि ब्लॉग पर इस प्रकार की रचनाएं पोस्ट करें जो आपके जीवन में घटित किसी भी घटना, स्थिति से उपजे पहले एहसास की याद दिलाती हो।

कृपया एक बात को बार बार हमसे कहलवा कर हमें शर्मिंदा न करें। आप सभी अनुभव में हमसे बड़े हैं, कृपया सहयोग करें। ब्लॉग की प्रकृति से मेल खाती रचनाएँ ही पोस्ट करें।

बेटी के बड़े होने का पहला एहसास

होली के त्यौहार पर हर वर्ष की तरह मैंने गुंजिया और दही बड़े बनाये थे! बेटी बोली -माँ कुछ ज्यादा बना लेना ,मेरे कुछ मित्र आयेगे !मेरे लिए कोई नई बात नहीं थी! ऐसे अवसरों पर दोस्तों और मित्रों का खानपान तो चलता ही रहता है !
होली के दिन करीब दस बजे दरवाजे के सामने सड़क पर जोर जोर से हौर्न बजने लगे! दूसरे ही मिनिट किवाड़ों पर थपकियाँ सुनाई दीं मानो तबले पर कहरवा बज रहा हो ! बेटी पिंकी ने दरवाजा खोला !एक -एक करके ७-८ लड़के -लड़कियां ड्राइंग -रूम में घुस आये ! मेरी हालत देखने लायक थी !अभी तक मैंने उसकी सहेलियां ही देखी थीं सहेला नहीं ! एकाएक निंद्रा टूटी -कालिज में तो लड़के -लड़कियाँ दोनों पढ़ते हैं, मित्र तो कोई भी हो सकता है !
पिंकी ने हमें उन सबसे मिलाया , कुछ खानपान करने के बाद बोली --माँ ,हम होली खेलने जा रहे हैं ,लौटने में चार -पॉँच बज जायेंगे !
एक झटका फिर लगा ! दिमाग में भूचाल आया गया - ये मिलकर होली खेलेंगे !-अन्दर के संस्कार बोल उठे !मर्यादा का गला घुटने लगा ! थूक सटकते पूछा -क्या बहुत दूर जाना है ? लौटोगी कैसे ?
तभी पिंकी का सहपाठी बोला -आंटी ,चिंता न करो! पहले आधी दर्जन बहनों को उनके घर छोड़ेंगे फिर अपने घर की ओर कदम बढायेगे !
कर्तव्य का इतना बोध

इन अनुभवों के मध्य सुमित्रा नन्द की कुछ पंक्तियाँ स्मरण हो आई --

'फिर परियों के बच्चों से हम
सुभग सीप से पंख पसार
समुन्द्र तैरते शुची ज्योंत्सना में
पकड़ इंदु के कर सुकुमार !'
--------------------------
सुधा भार्गव

अध्यापनका प्रारंभिक अनुभव

मैंने दयानंद वैदिक महाविद्यालय ,उरई में ४ सितम्बर १९७४ को अध्यापन कार्य प्रारम्भ किया । मई अपने महाविद्यालय का ही छात्र रह चुका था । पहले ही दिन हमारे विभागाध्यक्ष डा ० उदय नारायण शुक्ल ने कहा ,' जाओ ,B. A.(Final) का Class पढ़ाओ। यह कक्षा सबसे अधिक शरारती छात्रों की हुआ करती थी । मै जब क्लास में गया और पढाना शुरू किया तो देखा कि छात्र -छात्राएं मंद -मंद मुस्करा रहे हैं और मेरी बात पर अधिक ध्यान नहीं दे रहे हैं। मैंने मुड़ कर Black Board की तरफ़ देखा तो वहाँ पर एक शेर लिखा था -
इश्क का जौके नज़ारा मुफ्त में बदनाम है ;
हुस्न ख़ुद बेताब है जलवे दिखाने के लिए ।
मुझे बड़ा क्रोध आया पर अपने पर काबू रखते हुए बच्चों को समझाया कि कक्षा में छात्र -छात्राएं एक परिवार की तरह होते है ,अगर कुछ बाहरी असामाजिक तत्व मौका पा कर छात्रों के लिए कुछ उलटी -सीधी बातें लिख देते हैं तो कक्षा शुरू होने से पूर्व उन्हें मिटा दिया करें। यदि कोई छात्र रँगे हाथों पकड़ा गया तो उसे कालेज से निकला भी जा सकता है। छात्रों ने मेरी बात पर सहमति जताई ।अगले दिन जब मै पुनः कक्षा में गया तो Board पर एक शेर लिखा हुआ था -
हमने तुमसे मोहब्बत की थी ,अबला समझ कर ;
तुम्हारे चचा हमें ठोक गए ,तबला समझ कर ।
मुझे बड़ी हँसी आयी और एहसास हुआ कि बच्चों ने मेरा संदेश सही ढंग से समझ लिया । उस दिन के बाद से कभी भी मेरी कक्षा कोई भी अभद्र टिप्पणी लिखी हुई नहीं मिली । आज ३५ वर्षों के बाद भी जब इस घटना की याद आती है तो बरबस ही होठों पर मुस्कान आ जाती है।

साइकिल सवारी और धरती माता की गोद


किसी भी व्यक्ति के लिए पहली बार कोई नया काम करना कितना कठिन होगा कह नहीं सकते किन्तु
हमारे लिए पहली बार साइकिल चलाना तो ऐसा था मानो हवाई जहाज चला रहे हों।
उस समय कक्षा पाँच में पढ़ा करते थे। साइकिल चलाने का शौक चढ़ा। घर में उस समय पिताजी की साइकिल थी। पिताजी चले जाते थे कचहरी और शाम को आते, तब तक हम भी अपने स्कूल से लौट आते थे। कई बार की हिम्मत भरी कोशिशों के बाद पिताजी से साइकिल चलाने की मंजूरी ले ली।
उस समय तक हमने साफ करने की दृष्टि से या फिर अपने बड़े लोगों के साथ बाजार, स्कूल आदि जाने के समय ही साइकिल को हाथ लगाया था। अब साइकिल चलानी तो आती ही नहीं थी तो बस उसे पकड़े पकड़े खाली लुड़काते ही रहे। कई दिनों के बाद साइकिल पर इतना नियंत्रण बना पाये कि वह गिरे नहीं या फिर इधर उधर झुके नहीं।
एक दिन हमारे स्कूल में किसी संस्था या फिर किसी और स्कूल के द्वारा (यह ठीक से याद नहीं) एक टेस्ट का आयोजन किया गया। इस पूरे टेस्ट में हमारे सबसे ज्यादा नम्बर आये थे। हम भी बहुत खुश थे और इसी खुशी में हमने पिताजी से साइकिल चलाने की अनुमति माँग ली।
अब क्या था? कई सप्ताह हो गये थे साइकिल को खाली लुड़काते लुड़काते। आज सोचा कि पिताजी भी खुश हैं हमारे रिजल्ट से, हो सकता है कि कुछ न कहें। बस आव देखा न ताव कोशिश करके चढ़ गये साइकिल पर। दो चार पैडल ही मारे होंगे कि साइकिल एक ओर को झुकने लगी।
यदि साइकिल चलानी आती होती तो चला पाते पर नहीं। अब हमारी समझ में नहीं आया कि क्या करें? न तो हैंडल छोड़ा जाये और न ही पैडल चलाना रोका जा रहा था। साइकिल झुकती भी जा रही थी और गति भी पकड़ती जा रही थी। गति और बढ़ती, पैडल और चलते, हैंडल और सँभलता उससे पहले ही वही हुआ जो होना था।
हम साइकिल समेत धरती माता की गोद में आ गिरे। तुरन्त खड़े हुए कि कहीं किसी ने देख न लिया हो?
कपड़े झाड़कर चुपचाप घर आकर साइकिल आराम से खड़ी कर दी। शाम को बाजार जाते समय पिताजी को उसकी कुछ बिगड़ी हालत देखकर पता चल ही गया। परिणाम पिटाई तो नहीं हुई क्योंकि पहली बार ऐसा हुआ था किन्तु साइकिल चलाने पर प्रतिबन्ध लगा दिया गया।
देखा ऐसी रही हमारी पहली साइकिल सवारी।