------------------------------------------------
ब्लाग पर कविता, कहानी, गजल आदि को प्रकाशित न करें। जो साथी इसके सदस्य नहीं हैं वे प्रकाशन हेतु कविता, कहानी, गजल आदि रचनाओं को कृपया न भेजें, इन्हें इस ब्लाग पर प्रकाशित कर पाना सम्भव नहीं हो सकेगा।
कृपया सहयोग करें
रविवार, 11 अप्रैल 2010
प्रस्तुतकर्ता दीपक 'मशाल' पर 9:30 pm 1 टिप्पणियाँ
बुधवार, 7 अप्रैल 2010
लोर्ड्स के साथ डेटिंग-------->>>दीपक 'मशाल'
कल लन्दन से लौट के आया हूँ कई नए अनुभवों के साथ.. कुछ बहुत अच्छे इंसानों से भी मिला जो साहित्यकार भी हैं, साथ ही उनके जीवन के तजुर्बात सुनकर 'प्यासा' फिल्म का अहसास भी जागा कि- ''ये दुनिया अगर मिल भी जाए तो क्या है''
दुःख होता है कहते हुए कि इस जगत के ज्यादातर लोग सिर्फ अपने को बहुत अच्छा साबित करने के चक्कर में बहुत अच्छा करना भूल जाते हैं और बस एक लकीर पर चलते जाते हैं अपनी पलकें मूदें हुए, पर मैं किसी को सुधारना भी नहीं चाहता बस खुद ही सुधर जाऊं इतना काफी है मेरे लिए. हाँ प्रिंट मीडिया और साहित्य से जरूर जुड़ा रहूँगा.
यहाँ मैं अपने पहले अहसास के बारे में बताने जा रहा हूँ जो कि जुड़ा हुआ है मेरे किसी भी खेल प्रांगन(स्टेडियम) को देखने को लेकर..
मैंने अगर अपने जीवन में कोई पहला स्टेडियम देखा तो वो है लोर्ड्स क्रिकेट मैदान जिसे कि 'क्रिकेट का मक्का' भी कहते हैं और इसे ऊपरवाले का अहसान ही मानूंगा कि सीधा उस मैंदान को पहली बार देखने का अवसर दिया जहाँ से क्रिकेट शुरू हुआ..
सुबह १२ बजे लन्दन में उस जगह से निकला जहाँ ठहरा हुआ था, निकलते ही सबसे पहले लोर्ड्स स्टेडियम के रिसेप्शन पर फोन लगाया तो पता चला कि १२ बजे वाला ट्रिप पहले ही शुरू हो चुका है अब मैं २ बजे पहुंचूं वही बेहतर था.. तो कुछ समय इम्पीरियल कोलेज लन्दन में अपने मित्र की प्रयोगशाला में गुज़ारा उसके बाद अपने गंतव्य का रास्ता अंतर्जाल के माध्यम से पता करके वहाँ के लिए प्रस्थान किया. पेडिंगटन बस स्टॉप से बस पकड़ कर बेकर स्ट्रीट पहुंचा. वहाँ पहुँच कर पता चला कि अभी भी ४५ मिनट बाकी हैं तो पैदल ही रास्ता खोजते हुए बढ़ दिया लोर्ड्स की दिशा में, लेकिन फिर भी करीब २० मिनट पहले बारिश और तेज़ हवा को झेलता वहाँ पहुँच ही गया.
मेनगेट पर दो सेक्युरिटी गार्ड थे तो उन्होंने अन्दर जाकर टिकट लेने कि सलाह दी लेकिन चूंकि पहले से ही लन्दन पास था मेरे पास तो सीधा रिसेप्शन पर दस्तक दी और स्टीकर लेने के बाद सीधा संग्रहालय में. जहाँ गावस्कर का वो हेलमेट रखा हुआ था जो चीनी मिट्टी से बना था और अस्सी के दशक में प्रयोग किया गया था तो साथ में ही नवाब पटौदी की तस्वीर और लारा का हेलमेट था. डेनिस लिली कि ऐतिहासिक गेंद थी तो जिम लेकर की टेस्ट में १९ विकेट चटकाने वाली गेंद भी, विवियन रिचर्ड्स का हेलमेट, कोट और बल्ला भी. जेफ़ बायकोट का एक अलग ही सेक्शन बना हुआ था. हाँ सचिन से सम्बंधित कोई चीज नहीं मिली अलबत्ता गांगुली की वो टी-शर्ट जरूर थी जो उसने वहाँ फ्लिंटोफ़ को चिढ़ाने के लिए उतारी थी.
क्रिकेट का इतिहास देखा सुना कि किस तरह के बल्ले सबसे पहले १७३० में चलते थे फिर क्या रूप आया और किस तरह पहले ३ के बजाए सिर्फ २ विकेट जमा कर खेल होता था.. ना पैड थे, ना ग्लब्स, ना हेलमेट और ना ही कोई और सुरक्षा उपकरण.
सुनकर हंसी भी आई कि जब इंग्लैण्ड की टीम पहली बार आस्ट्रेलिया गई तो आस्ट्रेलिया ने इंग्लैण्ड के ११ खिलाड़ियों के मुकाबले २२ खिलाड़ी मैदान में उतारे क्योंकि उनका मानना था कि उनकी टीम बहुत कच्च्ड थी और शुरुआती अवस्था में थी(हुई ना बच्चों वाली बात).
वहीँ एक कोने में उस चिडिया की मृत देह भी उसी बॉल से चिपकी आज भी रखी है जिससे कि उसकी मौत हुई थी(एक तेज़ गेंदबाज की गेंद के रास्ते में आ जाने का खामियाजा).
एशेज की वो असली ट्रॉफी देखी जिसने इस श्रृंखला को नाम दिया और उसकी कहानी सुनी तो दूसरी ओर W G Grace की पेंटिंग और मूर्ति देखी. सर डोन ब्रेडमेन की भी पेंटिंग देखी और फिर लौंज रूम देखा जहाँ इंग्लैण्ड की टीम और भारत की टीम नाश्ता और खाना खाती हैं, फिर उनके ड्रेसिंग रूम और पविलियन और फिर वो रूम जहाँ महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए थे जैसे कि रिकी पोंटिंग को कार्बन के हेंडिल वाले बल्ले से ना खेलने देने का निर्णय.
वो बालकनी देखी जहाँ सौरव ने अपनी टी-शर्ट उतारी थी और वो जगह जहाँ सचिन और द्रविड़ बैठते हैं और जहाँ अगरकर ने लोर्ड्स में शतक बना कर अपना दमखम साबित किया.
एक बहुत ही मजेदार बात जो बताई गई वो ये थी कि W.G.Grace जो कि एक अच्छे फिजिशियन थे वो जब एक अच्छे क्रिकेटर के रूप में प्रसिद्द हो गए तो उनके खेल को देखने के लिए टिकट की कीमत १ पेंस से बढ़ाकर २ पेंस कर दी गई और तभी यह पहली बार हुआ कि किसी क्रिकेटर ने अपने खेल को देखने वालों की वजह से प्रायोजकों से पैसे की मांग की. उनका कहना था कि जब MCC उनकी वजह से पैसा कम रहा है तो उन्हें भी इसमें से हिस्सा दिया जाना चाहिए और तभी पहली बार किसी खिलाडी को उसके प्रशंसकों की वजह से पैसा मिला.
उसके बाद एक बार जब वो जल्दी आउट हो गए तो W.G.Grace महोदय सीधा अम्पायर के पास जाकर बोले कि यहाँ लोग मेरा खेल देखने आये हैं तुम्हारी अम्पायरिंग नहीं.. :)
वहाँ का प्रसिद्द प्रेसबॉक्स भी देखा और उसमे बैठने का मज़ा भी लिया. तो इस तरह पूरा हुआ मेरा पहली बार किसी स्टेडियम को देखने का सपना.
दीपक 'मशाल'
प्रस्तुतकर्ता दीपक 'मशाल' पर 5:14 am 4 टिप्पणियाँ
लेबल:
दीपक 'मशाल'
सोमवार, 1 मार्च 2010
भांग खाकर भांग के नशे से बचते रहे
हास्टल में होता यह था कि मैस में रविवार को शाम की छुट्टी रहती थी और दोपहर के भोजन में पक्का खाना, सब्जी, पूड़ी, खीर, रायता, पापड़ आदि हम छात्रों को मिलता था। उस वर्ष हम कुछ छात्रों ने और हमारे दो-तीन सीनियर्स छात्रों ने विचार बनाया कि खीर में ही भाँग मिला दी जाये।
जैसा कि तय हुआ बिना अन्य किसी को बताये खीर में भाँग मिलाई गई। चूँकि हमारा सोमवार को एक प्रैक्टिकल था, इस कारण हमने खाना खाया और अपने कमरे में जाकर सो गये। इसके पीछे कारण ये था कि घर में कई बार सुन रखा था कि भाँग खाने के बाद आदमी का अपने ऊपर नियन्त्रण नहीं रह जाता। वह जो भी कार्य करता है तो उसे बस करता ही जाता है। डर ये था कि कहीं हम कुछ गलत-सलत कर बैठे और प्रैक्टिकल न दे पाये तो बहुत बुरा होगा।
बहरहाल हमने तो सोकर भाँग के मजे लिये किन्तु हमारे अन्य दूसरे साथियों ने काफी हंगामा किया। इस घटना में हमने भाँग का पूरा आनन्द तो उठा नहीं पाया था, इस कारण हमें लगता रहा कि कभी भाँग खानी है और उसका असर देखना है। इसी ताक में लगे-लगे एक साल हमारे पड़ोस के त्रिपाठी चाचा ने भाँग को मेवे, खोआ आदि के साथ तैयार किया।
हमने भी उस मिठाई का आनन्द उठाया और इस बार उसका असर देखने के लिए सोये नहीं। अबकी बार मालूम पड़ा कि भाँग का मजा कैसा होता है।
हमने भाँग खाने के बाद खूब मीठा भी खाया क्योंकि सुन रखा था कि मीठा खाने से भाँग खूब चढ़ती है। दोपहर में खाना खाकर लेटे और कुछ देर बाद ऐसा लगा कि आज हमने खाना तो खाया ही नहीं। पलंग से उठे और सोचा कि मुँह धोकर अम्मा से खाना माँगा जाये। मुँह धोते-धोते एकदम से याद आया कि कुछ देर पहले भी तो हम मुँह धो रहे थे। हमने अम्मा से पूछा तो पता चला कि हम खाना खा चुके हैं।
हम फिर बापस पलंग पर जाकर लेट गये। दिमाग इस बारे में भी सचेत था कि कहीं हमारी हरकत से कोई ये न समझे कि हम नशे में ऐसी बातें कर रहे हैं, इस कारण हम चुपचाप लेटे रहे। इसके बाद भी भाँग अपना असर तो दिखा ही रही थी। मन में कभी आता कि ऐसा हो रहा है तो कभी लगता कि नहीं ऐसा नहीं हो रहा है।
होत-होते शाम हो गई, भाँग ने भी अपना असर कम नहीं किया। शाम को हम भाई अपने दोस्तों के साथ छत पर बैडमिंटन खेलते थे, उस शाम को भी खेले। खेलते समय हमें याद ही नहीं रहता था कि कब शाट मारा, कब प्वाइंट बने किन्तु खेलते भी रहे।
अन्त में एक बात समझी कि भाँग का नशा दिमाग की सक्रियता को कम करता है किन्तु यदि अपने पर नियंत्रण है तो वह आप पर हावी नहीं हो सकता। आज भी हम लोग बैठ कर उस दिन की भाँग खाने की और भी हरकतों की चर्चा कर हँस लेते हैं।
--------------------
सभी को होली की भाँग में लिपटी शुभकामनाएँ
प्रस्तुतकर्ता राजा कुमारेन्द्र सिंह सेंगर पर 10:43 pm 3 टिप्पणियाँ
सोमवार, 28 दिसंबर 2009
भूत होने की आशंका ने डरा दिया
लेटते ही नींद का आना तो होना नहीं था, दोस्त-यारों के साथ हुई बातों को सोच-सोच मन ही मन हँसते-मुस्कराते सोने का उपक्रम करने लगे। सोचते-विचारते, हँसते-मुस्कराते कब नींद लग गई पता ही नहीं चला।
एकाएक खर्र-खर्र की आवाज ने चौंक कर उठा दिया। हाथ मार कर मेज पर रखे टेबिल लैम्प को रोशन किया। आवाज बन्द। इधर-उधर, कमरे में निगाह मारी कि कहीं बिल्ली या फिर कोई चूहा आदि न घुस आया हो पर कहीं कुछ नहीं।
सपना समझ कर सिर को झटका और टेबिल लैम्प की लाइट को बुझा कर रजाई में फिर से घुस गये। खर्र-खर्र की आवाज आनी फिर शुरू। जैसे ही हाथ बढ़ा कर लाइट जलाई आवाज आनी बन्द।
एक-दो मिनट लाइट को जलने दिया पर आवाज नहीं हुई। अबकी पलंग पर बैठे ही रहे और लाइट बन्द कर दी। जैसे ही रोशनी गई आवाज आनी शुरू हुई। वहीं डरावनी सी खर्र-खर्र। बिना टेबिल लैम्प को जलाये आवाज को सुनने का प्रयास किया कि आ कहाँ से रही है? अगले ही पल समझ में आ गया कि आवाज खिड़की की तरफ से आ रही है।
टेबिल लैम्प जलाया तो आवाज आनी बन्द हो गई। लगा कि दोस्त लोग हैं जो डराना चाह रहे हैं क्योंकि आज हमारा रूम-पार्टनर भी नहीं था।
होता भी था कि हास्टल में किसी न किसी रूप में भूत-प्रेत-चुड़ैल आदि के किस्से सुनाये जाते थे। किसी कमरे को भुतहा बनाया जाता, किसी पेड़ पर भूत का निवास बताया जाता। यह सब लगभग रोज का नियम होता था। आज भी महफिल जमी थी बातों-बातों में डरावने किस्से भी तैर चुके थे।
एक-दो आवाजें दीं पर कोई आहट भी नहीं मिली। लाइट जलता छोड़कर रजाई ओढ़ कर लेटे पर आवाज नहीं आई। लाइट बन्द की और आवाज आनी शुरू। हम चुपचाप बिना आहट के यह समझने और देखने की कोशिश करने लग कि कहीं खिड़की पर कोई है तो नहीं? लगभग चार-पाँच मिनट की कोशिश के बाद भी कोई समझ न आया और कोई आहट भी नहीं समझ आई, हाँ, खर्र-खर्र की आवाज लगातार होती रही।
अब थोड़ा सा डर लगा। एक तो अकेले होने का डर और ऊपर से हास्टल के चर्चित भूतों का डर। हालांकि हमें कभी भी भूत-प्रेत जैसी बातों से डर नहीं लगा किन्तु माहौल का नया-नया होना और फिर रोज-रोज के वहीं किस्सों ने आज मन में डर पैदा कर दिया।

बहुत हिम्मत करके लाइट जलाई और एकदम से कूद कर खिड़की पर आ गये। यह सोचा कि यदि भूतों के हाथों मरना लिखा होगा तो यही सही और यदि दोस्त लोग हैं तो उनको सीधे-सीधे पकड़ा जा सकता है।
खिड़की से जो देखा उसने डर तो दूर कर दिया पर चौकीदार के ऊपर गुस्सा ला दिया। चिल्ला कर चौकीदार को बुलाया। खर्र-खर्र की आवाज को पैदा करने वाला कोई भूत नहीं और न ही हमारे कोई मित्र वगैरह थे। एक आवारा गाय हमारे कमरे के ठीक नीचे खड़े होकर वहाँ लगे पेड़ के तने से अपना सींग रगड़ती थी तो खर्र-खर्र की डरावनी सी आवाज होने लगती थी। जैसे ही लाइट जलती वह सींग रगड़ना रोक देती और जैसे ही लाइट बन्द होती.............।
चौकीदार बाबा ने आकर उस गाय को वहाँ से दूर भगाया और हम भी अपने मन में एक पल को बिठा चुके भूत को भगा कर फिर से रजाई में दुबक गये।
=========================
चित्र साभार गूगल छवियों से
प्रस्तुतकर्ता राजा कुमारेन्द्र सिंह सेंगर पर 9:24 pm 2 टिप्पणियाँ
शनिवार, 19 दिसंबर 2009
धांय-धांय-धांय.....एक के बाद एक तीन फायर
इसे जातिगत असर कहा जाये या फिर आसपास का वातावरण कि बचपन से ही हमें हथिययारों ने बहुत ही लुभाया है। गाँव में भी पुरानी जमींदारी होने के कारण नक्काशीदार तलवारें और अन्य अस्त्र-शस्त्र देखने को मिलते रहते थे। इसके अलावा घर में रिवाल्वर, बन्दूक होने के कारण भी इनके प्रति एक प्रकार की रुचि बनी हुई थी।
कभी-कभी बन्दूक और रिवाल्वर चलाने का मन भी होता था। घर में विशेष रूप से दशहरे के पूजन के बाद रिवाल्वर और बन्दूक चलाने का काम पिताजी या चाचाजी के द्वारा होता था। छत पर जब भी दशहरे और दीपावली पर पूजन के बाद बन्दूक, रिवाल्वर चलाने का उपक्रम होता तो हम बस ललचा कर ही रह जाते।
इन पर्वों के अलावा कभी खुशी के अवसर पर भी धमाके कर लिए जाते थे पर इनको करने की जिम्मेवारी सिर्फ और सिर्फ पिताजी की होती, हाँ, यदि घर में उस समय चाचा वगैरह हुए तो वे भी इसमें हिस्सा ले लेते थे।

बात होगी कोई 1990 की जब हम स्नातक के प्रथम वर्ष में थे। ग्वालियर से छुट्टियों में घर आना हुआ। उसी समय हमारे एक पारिवारिक मित्र के घर नवजात शिशु का आगमन हुआ। अवसर हम सभी के लिए खुशी का था। सभी लोग उन्हीं के घर पर उपस्थित थे।
जैसा कि होना था, बन्दूक तो चलनी ही थी। हम चिरपरिचित अंदाज में शांत बैठे थे क्योंकि हमें मालूम था कि पिताजी की दृष्टि में हम अभी इतने बड़े नहीं हुए कि बन्दूक चलाने को मिले। मन तो बहुत कर रहा था किन्तु कहते कैसे? चुपचाप बैठे थे कि तभी पिताजी ने आवाज देकर हमें बुलाया।
आराम से उठकर उनके पास तक पहुँचे तो पिताजी ने बन्दूक हमें थमा दी और साथ में कारतूस की पेटी। दोनों चीजें एक साथ देकर पिताजी ने कहा कि-‘‘तुम चाचा बन गये हो और अब बड़े भी हो गये हो। चलाओ।’’ चूँकि घर में बन्दूक की सफाई आदि का काम हमारे जिम्मे ही था इस कारण बन्दूक के संचालन का तरीका भी हमें ज्ञात था। और फिर अंधा क्या चाहे दो आँखें, हमने हाँ कही तो पिताजी ने इतना कहा कि ‘‘चला लोगे? बस आराम से, सुरक्षा के साथ चलाना।’’
मन ही मन प्रसन्नता का अनुभव भी हो रहा था साथ ही एक डर भी लग रहा था कि कहीं कुछ गड़बड़ न हो जाये। बन्दूक के चलने पर पीछे लगने वाले धक्के के बारे में भी सुन रखा था जिसका भी डर लग रहा था। मन ही मन खुद को हिम्मत बँधाई और खुले में आकर बन्दूक में कारतूस डाल ऊपर कर फायर कर दिया।
एक फायर हुआ, कैसे हुआ यह समझ ही नहीं आया। सब कुछ सही-सही दिखा। बन्दूक का झटका भी उतना नहीं लगा जितना सुन रखा था, बस इससे भी हिम्मत बँधी। बन्दूक की नाल खोल चला कारतूस बाहर निकाला। दूसरा कारतूस लगाया और किया दूसरा फायर, फिर तीसरा कारतूस डाला और तीसरा फायर। एक के बाद एक तीन फायर करके लगा कि बहुत बड़ा किला जीत लिया हो।
तीन फायर करने के बाद बन्दूक इस तरह थामकर बैठे मानो विश्व-विजय के बाद बापस आये हों। उसके बाद कई मौके आये जब हमने बन्दूक चलाई किन्तु जो रोमांच पहली बार चलाने में आया वह आज भी भुलाये नहीं भूलता है।
प्रस्तुतकर्ता राजा कुमारेन्द्र सिंह सेंगर पर 10:41 pm 1 टिप्पणियाँ
लेबल:
बन्दूक चलाना
सोमवार, 23 नवंबर 2009
पहले रैगिंग का डर और अब याद आती है वो आत्मीयता भरी रैगिंग
बात उन दिनों की है जब हमने साइंस कालेज, ग्वालियर में बी0एस-सी0 में अध्ययन के लिए प्रवेश लिया था। कालेज के हास्टल में हमारे रहने की व्यवस्था की गई थी। हास्टल के नाम से उस समय पूरे शरीर में सिरहन सी दौड़ जाती थी। डर लगा रहता था रैगिंग का।
घर में किसी से यह कहने का साहस नहीं हो पा रहा था कि हम हास्टल में नहीं रहेंगे। मरता क्या न करता की स्थिति में हमने 13 अगस्त को हास्टल में प्रवेश किया। पहले दिन हमें हास्टल छोड़ने हमारे पिताजी और चाचाजी आये।
पिताजी और चाचाजी ने हमारे आने से पहले ही हास्टल के सीनियर्स से मुलाकात कर ली थी क्योंकि शायद घर के लोग भी रैगिंग के नाम से परेशान तो रहे थे? सीनियर्स ने उनको आश्वस्त किया कि यहाँ रैगिंग के नाम पर ऐसा वैसा कुछ भी नहीं होता है।
हास्टल में दो-तीन दिन बड़ी ही अच्छी तरह से कटे। लगभग हर शाम को हास्टल के सभी लोग छत पर या बाहर लान में एकत्र होते और हँसी-मजाक चलता रहता। इसी बीच थोड़ी बहुत रैगिंग भी होती रहती पर मारपीट से कोसों दूर। हाँ, उन दो-चार लोगों को अवश्य ही दो-चार हाथ पड़े जिन्होंने सीनियर्स के साथ बदतमीजी की।
एक रात लगभग दस या साढ़े दस बजे होंगे, हास्टल के गेट पर दो-तीन मोटरसाइकिल और स्कूटर रुकने की आवाजें सुनाईं दीं। थोड़ी देर की शांति के बाद हमारे हास्टल का चैकीदार, जिसे हम लोग उनकी उम्र के कारण बाबा कहते थे, ने आकर डाइनिंग हाल में पहुँचने को कहा।
अब तो डर के मारे हालत खराब क्योंकि ऐसा सुन रखा था कि किसी दिन पुराने सीनियर छात्र रात को आते हैं और उसी समय जबरदस्त रैंगिंग होती थी यहाँ तक कि मारपीट भी। डरते-डरते डाइनिंग हाल पहुँचे, वहाँ सीनियर्स पहले से ही मौजूद थे।
हम सभी छात्रों को जो हास्टल में पहली बार प्रवेश पाये थे, उन्हें दीवार से टिक कर खड़े होने को कहा गया। पहली बार प्रवेश पाये छात्रों में बी0एस-सी0 प्रथम वर्ष के अलावा दूसरे वर्ष के तीसरे वर्ष के छात्र तो थे ही साथ में एम0एस-सी0 के छात्र भी थे। हाल के बीचों-बीच पड़ी मेज के एक ओर सीनियर्स बैठे हुए थे, उन्हीं के साथ पुराने सीनियर भी बैठे थे। वे पाँच लोग थे।
सबसे पहले हमारा परिचय उन लोगों से करवाया गया, कोई राजनीति कर रहा था तो कोई ठेकेदारी। कोई कहीं नौकरी में था तो कोई अपना कारोबार कर रहा था। सबका परिचय जानने के बाद हम लोगों का परिचय शुरू हुआ। सभी का परिचय हो जाने के बाद शुरू हुआ रैगिंग का सिलसिला।
रैगिंग के नाम पर सभी को कुछ न कुछ करके दिखाना था। किसी को नाचना पड़ा तो किसी को गाना था। किसी को लड़की बनके किसी लड़के के सामने प्यार का इजहार करना था तो किसी को पंखे का अपना दुश्मन मानकर गालियाँ सुनानी थीं। किसी दूसरे को ऐसा करते देख मजा आता किन्तु हँस भी नहीं सकते थे क्योंकि हँसे तो बनाया गया मुरगा।
जिसका भय था वह नहीं हुआ यानि कि मारपीट लेकिन खड़े-खड़े पैर और कमर की हालत खस्ता हुई जा रही थी। किसी लड़के के कुछ न कर पाने पर, किसी के द्वारा कुछ न बता पाने पर पता चला कि सभी को हाथ उठाकर खड़ा करने की सजा मिली। अब खड़े हैं आधा घंटे तक हाथ ऊपर किये।
इस बीच सभी सीनियर्स उठकर चाय पीने चले गये और कह भी गये कि हम चाय पीने जा रहे हैं तब तक हाथ ऊपर उठाये रहना। कोई मुरगा बना था, कोई एक पैर पर खड़ा था, किसी को हाथ उठाने की सजा तो कोई किसी और रूप में सजा काट रहा था। समय गुजरता जा रहा था और सीनियर्स थे कि आने का नाम ही नहीं ले रहे थे। लगभग डेढ घंटे के बाद उन लोगों का आना हुआ।
आने के बाद सभी की सजा समाप्त हुई। सीनियर्स ने हम सभी को कुछ टिप्स दिये कि कैसे मिलजुल कर रहना है। बताया कि प्रत्येक को अपने से बड़े का सम्मान करना है। सभी की मदद करनी है, यह भी बताया कि घर से दूर होने के कारण हम सभी को घर की तरह से रहना है।
इसके बाद सीनियर्स जाने का कार्यक्रम बनाने लगे। घड़ी में समय देखा तो सुबह के पाँच बजने को थे। इसके बाद सीनियर्स अपने साथ हम लोगों को रेलवे स्टेशन तक ले गये और वहाँ खुले हुए रेस्टोरेंट में बढ़िया चाय-नाश्ता करवाया। रात भर की थकान, रैगिंग का डर तब तक निकल चुका था।
इसके बाद भी हास्टल में रैगिंग हुई, मगर चुहल भरी। हाँ, मारपीट की घटना भी किसी एकाध के साथ ही हुई, वो भी एक-दो झापड़ों तक की, वो भी किसी आत्मीयता से भरी। आज लगभग 16 साल बाद भी हास्टल की वो आत्मीयता भरी रैगिंग बहुत याद आती है।
प्रस्तुतकर्ता राजा कुमारेन्द्र सिंह सेंगर पर 9:50 pm 3 टिप्पणियाँ
रविवार, 8 नवंबर 2009
पहले तो मेरे हाथ कँपे और फिर मेरे पैर.... ऐसे जीता पहला कप########## दीपक 'मशाल'
दोस्तों यूं तो जिंदगी की अप्रत्यक्ष लम्बाई वाले सफ़र में हमें कई अहसासों से रूबरू होना पड़ता है, कई चाहे अनचाहे अहसासों से हमारी मुलाक़ात कराती है ये ज़िन्दगी नाम की हसीना.... लेकिन हर अहसास की कभी ना कभी शुरुआत होती है, किसी की ज़िन्दगी में कोई अहसास बहुत पहले होता है तो कभी किसी की में बहुत बाद में. लेकिन मेरे ख्याल से हर किसी को लगभग एक जैसे अहसास से गुज़रना ही पड़ता है, हाँ उनके रूप रंग अलग हो सकते हैं इतना ज़रूर है........और जब किसी अहसास की हमारे जीवन में शुरुआत होती है तो उसे हम कभी नहीं भूल पाते, क्योंकि वह, उस तरह का हमारा पहला अहसास होता है जो कि जीवन भर के लिए अविस्मरणीय याद बन के ताजे सीमेंट पर बनाये गए पैरों के निशान कि तरह हमेशा के लिए हमारे दिल और दिमाग पर छप जाता है.....हम अगर उसे याद ना भी करना चाहें तब भी वो अपने आप याद आ ही जाता है, ठीक वैसी ही खुशबू, ठीक वैसे ही ताप, वैसी ही हवा, वैसी ही आर्द्रता का माहौल बनाते हुए.......
अनगिनत पहले अहसासों में से एक वैसा ही अहसास मेरे सामने अपने आप ही आकर खड़ा हो जाता है और मुझे खींच ले जाता है उस समय में जब मुझे अपने जीवन का पहला कप एक पुरस्कार के रूप में मिला था(मैं पढ़ाई के अलावा अन्य कार्यकलापों में मिलने वाले पुरस्कारों की बात कर रहा हूँ)....
ज्यादा पुरानी नहीं बस सन १९९३ की बात है, जब मैं सरस्वती विद्या मंदिर, गल्ला मंडी, कोंच का ७ वीं कक्षा का छात्र था, पढ़ाई में अब्बल तो नहीं था लेकिन हाँ फिर भी तीसरे-चौथे नंबर पर रहता ही था. प्रारंभ से ही कला विषय में मेरी गहरी रूचि थी और ये बात सबपे ज़ाहिर हो चुकी थी क्योंकि शायद मेरे हाथों से सफ़ेद कागज़ पे आड़ी तिरछी गिरती रेखाएं कला के आचार्य जी को मेरे अन्य साथियों से बेहतर लगती थीं....
हमारे जिले में एक व्यक्तिगत संस्था 'ललित कला अकादमी, उरई' द्वारा हर वर्ष एक जिला स्तरीय बाल कला प्रतियोगिता का आयोजन होता था. उस वर्ष विद्यालय का प्रतिनिधित्व करते हुए ३ अन्य वरिष्ठ छात्रों के साथ मुझे भी उसमे भाग लेने का अवसर मिला. प्रतियोगिता एक कन्याविद्यालय(नाथूराम पुरोहित बालिका विद्यालय) में आयोजित होने के कारण मन में एक अजीब सी घबराहट तो पहले से ही थी की अगर चित्र अच्छा नहीं बना तो लड़कियों के सामने बेईज्ज़ती होगी. देखिये आप कि उतनी छोटी सी उम्र में भी इज्ज़त-बेईज्ज़ती का ख्याल पनपने लगता है... खैर और कई विद्यालयों से आये करीब ८० प्रतिभागियों के साथ मैं जब वहां पहुंचा तो पता चला कि 'मेरे शहर का मेला' विषय पर हम सबको सीमित समयावधि में एक रंगीन चित्र बनाना था.. कांपते हाथों से लगा चित्र बनाने.. रंग भी भर दिया.... साथ में कनखियों से औरों के भी देखते जाता कि कहीं मुझसे बेहतर तो नहीं बन रहा है.....कहीं कोई मुझसे जल्दी तो नहीं बना रहा है.... खासकर लड़कियों से डर था और एक लड़के से जो कि शहर के मशहूर पेंटर का सबसे छोटा बेटा था लेकिन था वो भी कमाल का चित्रकार....
करीब १ घंटे की मशक्कत के बाद चित्र बन तो गया लेकिन औरों के चित्र देखता तो कहीं ना कहीं कसक उठती कि 'यार इसने जो चीज़ डाली है वो मैं भी डाल सकता था लेकिन मैं क्यों नहीं सोच पाया? ओये उसकी कुल्फी वाले कि कमीज़ लाल अच्छी लग रही है मैंने हरी पहिना दी... उसने तो झूले में ८ पालकियां बनाईं मैंने ६ ही... अरे इसने तो मेले में बारिश भी दिखा दी अब इसका तो इनाम पक्का...' वगैरह वगैरह
अब बैठ गया मन मसोस कर और लगा सोचने कि 'बेटा दीपक तुम तो निकल लो पतली गली से, ये तुम्हारे बस का रोग नहीं, लोगों को तुझसे कई गुना ज्यादा कला कि समझ है.... आदि आदि.'
करीब आधे घंटे के बाद परिणाम घोषित हुए तो सबसे पहले तीसरे स्थान प्राप्त मेरे एक वरिष्ठ को बुलाया गया तो मन शंका से भर उठा कि 'इन भैया को पिछले साल जब प्रथम स्थान मिला था तो मैं सराहनीय पाया था, जब इस बार इन्हें खुद ही तृतीय मिला तो तेरा क्या होगा कालिए?'
दूसरे स्थान के लिए जैसी कि उम्मीद थी नगर के पेंटर महोदय के बेटे को बुलाया गया.... मैं बैठा रहा लड़कियों से नज़र बचा के दीवाल ताकने...
मगर अचानक प्रथम स्थान के लिए लगा जैसे एक नाम दीपक कुमार चौरसिया निर्णायक महोदय ने पुकारा हो...
मुझे अपने कानों पे विश्वास नहीं हुआ और लगा कि कोई और दीपक होगा.... लेकिन जब २ बार उन्होंने फिर से विद्यालय का नाम लेकर बुलाया तो शरीर में कुछ हलचल हुई.. लेकिन उठने की हिम्मत ही नहीं हुई, पैर जैसे जमीन पे चिपक गए... अब पुरस्कार लेने जाएँ तो कैसे जाएँ मेरे तो पैर कांपे जा रहे थे भाई, इस अप्रत्याशित निर्णय(आघात) से... तभी मेरे ही एक वरिष्ठ भैया जी ने मुझे हिलाया और कहा दीपक भाई जाओ तुम्हारा ही नाम पुकार रहे हैं मुबारक हो!!!! तब जाके किसी तरह मैं खड़ा हुआ और लगभग दौड़ता सा स्टेज पर पहुंचा, पुरस्कार लेते समय आँखों के सामने अँधेरा छा गया, फिर भी जैसे तैसे अपने दिल की धड़कनों पर काबू पाते हुए... कप को अपने हाथों में लेके सीने से चिपटा लिया.. ऐसे जैसे कि वो वापस छीन लेंगे... और अपनी जगह वापस आने के करीब १५-२० मिनट बाद जब सामान्य हुआ तो मन बल्लियों उछल रहा था और झूमने का मन कर रहा था..... लगता था की सारी दुनिया को चिल्ला चिल्ला के बता दूं कि मैंने क्या जीता है.....हो ना हो आधे मोहल्ले को तो वो कप दिखाया ही था.....
तो ऐसा था मेरा पहला कप जीतने का अहसास, जिसके बाद जीवन में कई पुरस्कार मिले कभी शिक्षा के लिए तो कभी कविता-कहानी के लिए, कभी अभिनय के लिए तो कभी सामान्य ज्ञान के लिए...... यहाँ तक कि उसी चित्र पर जिला स्तर पर भी द्वितीय स्थान मिला मगर उस अहसास के जैसा अहसास, फिर कभी नहीं हुआ... यहाँ पर एक आवश्यक प्रार्थना भी सुना रहा हूँ जो अक्सर प्रभु से करता रहता हूँ......जिसके बिना ये पोस्ट अधूरी है......
इक हाथ
कलम दी देव मुझे,
दूजे में
कूंची पकड़ा दी,
संवाद मंच पर बोल सकूं
ऐसी है तुमने जिह्वा दी.......
पर इतने सारे मैं हुनर लिए
कहीं विफल सिद्ध ना हो जाऊं,
तूने तो
गुण भर दिए बहुत,
खुद दोषयुक्त ना हो जाऊं.
भूखे बच्चों के पेटों को
कर सकूं अगर,
तो तृप्त करुँ...
जो बस माथ तुम्हारे चढ़ता हो
वो धवल दुग्ध ना हो जाऊं......
इतनी सी रखना कृपा प्रभो
मैं आत्ममुग्ध ना हो पाऊं......
मैं आत्म मुग्ध ना हो पाऊं....
आपका-
दीपक 'मशाल'
चित्रांकन- दीपक 'मशाल'
प्रस्तुतकर्ता दीपक 'मशाल' पर 5:52 am 8 टिप्पणियाँ





