आप सबसे इस ब्लाग पर रचनाओं के प्रकाशन के सम्बन्ध में मात्र इतना निवेदन करना है कि रचनायें ब्लाग की प्रकृति के अनुरूप हों तो ब्लाग की सार्थकता साबित होगी।
------------------------------------------------
ब्लाग पर कविता, कहानी, गजल आदि को प्रकाशित न करें।
जो साथी इसके सदस्य नहीं हैं वे प्रकाशन हेतु कविता, कहानी, गजल आदि रचनाओं को कृपया न भेजें, इन्हें इस ब्लाग पर प्रकाशित कर पाना सम्भव नहीं हो सकेगा।

कृपया सहयोग करें

सभी साथियों से अनुरोध है कि अपनी रचनायें ब्लाग की प्रकृति के अनुसार ही पोस्ट करें। ऐसा न हो पाने की स्थिति में प्रकाशित पोस्ट को निकाला भी जा सकता है।

शनिवार, 19 दिसंबर 2009

धांय-धांय-धांय.....एक के बाद एक तीन फायर


इसे जातिगत असर कहा जाये या फिर आसपास का वातावरण कि बचपन से ही हमें हथिययारों ने बहुत ही लुभाया है। गाँव में भी पुरानी जमींदारी होने के कारण नक्काशीदार तलवारें और अन्य अस्त्र-शस्त्र देखने को मिलते रहते थे। इसके अलावा घर में रिवाल्वर, बन्दूक होने के कारण भी इनके प्रति एक प्रकार की रुचि बनी हुई थी।
कभी-कभी बन्दूक और रिवाल्वर चलाने का मन भी होता था। घर में विशेष रूप से दशहरे के पूजन के बाद रिवाल्वर और बन्दूक चलाने का काम पिताजी या चाचाजी के द्वारा होता था। छत पर जब भी दशहरे और दीपावली पर पूजन के बाद बन्दूक, रिवाल्वर चलाने का उपक्रम होता तो हम बस ललचा कर ही रह जाते।
इन पर्वों के अलावा कभी खुशी के अवसर पर भी धमाके कर लिए जाते थे पर इनको करने की जिम्मेवारी सिर्फ और सिर्फ पिताजी की होती, हाँ, यदि घर में उस समय चाचा वगैरह हुए तो वे भी इसमें हिस्सा ले लेते थे।




बात होगी कोई 1990 की जब हम स्नातक के प्रथम वर्ष में थे। ग्वालियर से छुट्टियों में घर आना हुआ। उसी समय हमारे एक पारिवारिक मित्र के घर नवजात शिशु का आगमन हुआ। अवसर हम सभी के लिए खुशी का था। सभी लोग उन्हीं के घर पर उपस्थित थे।
जैसा कि होना था, बन्दूक तो चलनी ही थी। हम चिरपरिचित अंदाज में शांत बैठे थे क्योंकि हमें मालूम था कि पिताजी की दृष्टि में हम अभी इतने बड़े नहीं हुए कि बन्दूक चलाने को मिले। मन तो बहुत कर रहा था किन्तु कहते कैसे? चुपचाप बैठे थे कि तभी पिताजी ने आवाज देकर हमें बुलाया।
आराम से उठकर उनके पास तक पहुँचे तो पिताजी ने बन्दूक हमें थमा दी और साथ में कारतूस की पेटी। दोनों चीजें एक साथ देकर पिताजी ने कहा कि-‘‘तुम चाचा बन गये हो और अब बड़े भी हो गये हो। चलाओ।’’ चूँकि घर में बन्दूक की सफाई आदि का काम हमारे जिम्मे ही था इस कारण बन्दूक के संचालन का तरीका भी हमें ज्ञात था। और फिर अंधा क्या चाहे दो आँखें, हमने हाँ कही तो पिताजी ने इतना कहा कि ‘‘चला लोगे? बस आराम से, सुरक्षा के साथ चलाना।’’
मन ही मन प्रसन्नता का अनुभव भी हो रहा था साथ ही एक डर भी लग रहा था कि कहीं कुछ गड़बड़ न हो जाये। बन्दूक के चलने पर पीछे लगने वाले धक्के के बारे में भी सुन रखा था जिसका भी डर लग रहा था। मन ही मन खुद को हिम्मत बँधाई और खुले में आकर बन्दूक में कारतूस डाल ऊपर कर फायर कर दिया।
एक फायर हुआ, कैसे हुआ यह समझ ही नहीं आया। सब कुछ सही-सही दिखा। बन्दूक का झटका भी उतना नहीं लगा जितना सुन रखा था, बस इससे भी हिम्मत बँधी। बन्दूक की नाल खोल चला कारतूस बाहर निकाला। दूसरा कारतूस लगाया और किया दूसरा फायर, फिर तीसरा कारतूस डाला और तीसरा फायर। एक के बाद एक तीन फायर करके लगा कि बहुत बड़ा किला जीत लिया हो।
तीन फायर करने के बाद बन्दूक इस तरह थामकर बैठे मानो विश्व-विजय के बाद बापस आये हों। उसके बाद कई मौके आये जब हमने बन्दूक चलाई किन्तु जो रोमांच पहली बार चलाने में आया वह आज भी भुलाये नहीं भूलता है।

सोमवार, 23 नवंबर 2009

पहले रैगिंग का डर और अब याद आती है वो आत्मीयता भरी रैगिंग

बात उन दिनों की है जब हमने साइंस कालेज, ग्वालियर में बी0एस-सी0 में अध्ययन के लिए प्रवेश लिया था। कालेज के हास्टल में हमारे रहने की व्यवस्था की गई थी। हास्टल के नाम से उस समय पूरे शरीर में सिरहन सी दौड़ जाती थी। डर लगा रहता था रैगिंग का।
घर में किसी से यह कहने का साहस नहीं हो पा रहा था कि हम हास्टल में नहीं रहेंगे। मरता क्या न करता की स्थिति में हमने 13 अगस्त को हास्टल में प्रवेश किया। पहले दिन हमें हास्टल छोड़ने हमारे पिताजी और चाचाजी आये।
पिताजी और चाचाजी ने हमारे आने से पहले ही हास्टल के सीनियर्स से मुलाकात कर ली थी क्योंकि शायद घर के लोग भी रैगिंग के नाम से परेशान तो रहे थे? सीनियर्स ने उनको आश्वस्त किया कि यहाँ रैगिंग के नाम पर ऐसा वैसा कुछ भी नहीं होता है।
हास्टल में दो-तीन दिन बड़ी ही अच्छी तरह से कटे। लगभग हर शाम को हास्टल के सभी लोग छत पर या बाहर लान में एकत्र होते और हँसी-मजाक चलता रहता। इसी बीच थोड़ी बहुत रैगिंग भी होती रहती पर मारपीट से कोसों दूर। हाँ, उन दो-चार लोगों को अवश्य ही दो-चार हाथ पड़े जिन्होंने सीनियर्स के साथ बदतमीजी की।
एक रात लगभग दस या साढ़े दस बजे होंगे, हास्टल के गेट पर दो-तीन मोटरसाइकिल और स्कूटर रुकने की आवाजें सुनाईं दीं। थोड़ी देर की शांति के बाद हमारे हास्टल का चैकीदार, जिसे हम लोग उनकी उम्र के कारण बाबा कहते थे, ने आकर डाइनिंग हाल में पहुँचने को कहा।
अब तो डर के मारे हालत खराब क्योंकि ऐसा सुन रखा था कि किसी दिन पुराने सीनियर छात्र रात को आते हैं और उसी समय जबरदस्त रैंगिंग होती थी यहाँ तक कि मारपीट भी। डरते-डरते डाइनिंग हाल पहुँचे, वहाँ सीनियर्स पहले से ही मौजूद थे।
हम सभी छात्रों को जो हास्टल में पहली बार प्रवेश पाये थे, उन्हें दीवार से टिक कर खड़े होने को कहा गया। पहली बार प्रवेश पाये छात्रों में बी0एस-सी0 प्रथम वर्ष के अलावा दूसरे वर्ष के तीसरे वर्ष के छात्र तो थे ही साथ में एम0एस-सी0 के छात्र भी थे। हाल के बीचों-बीच पड़ी मेज के एक ओर सीनियर्स बैठे हुए थे, उन्हीं के साथ पुराने सीनियर भी बैठे थे। वे पाँच लोग थे।
सबसे पहले हमारा परिचय उन लोगों से करवाया गया, कोई राजनीति कर रहा था तो कोई ठेकेदारी। कोई कहीं नौकरी में था तो कोई अपना कारोबार कर रहा था। सबका परिचय जानने के बाद हम लोगों का परिचय शुरू हुआ। सभी का परिचय हो जाने के बाद शुरू हुआ रैगिंग का सिलसिला।
रैगिंग के नाम पर सभी को कुछ न कुछ करके दिखाना था। किसी को नाचना पड़ा तो किसी को गाना था। किसी को लड़की बनके किसी लड़के के सामने प्यार का इजहार करना था तो किसी को पंखे का अपना दुश्मन मानकर गालियाँ सुनानी थीं। किसी दूसरे को ऐसा करते देख मजा आता किन्तु हँस भी नहीं सकते थे क्योंकि हँसे तो बनाया गया मुरगा।
जिसका भय था वह नहीं हुआ यानि कि मारपीट लेकिन खड़े-खड़े पैर और कमर की हालत खस्ता हुई जा रही थी। किसी लड़के के कुछ न कर पाने पर, किसी के द्वारा कुछ न बता पाने पर पता चला कि सभी को हाथ उठाकर खड़ा करने की सजा मिली। अब खड़े हैं आधा घंटे तक हाथ ऊपर किये।
इस बीच सभी सीनियर्स उठकर चाय पीने चले गये और कह भी गये कि हम चाय पीने जा रहे हैं तब तक हाथ ऊपर उठाये रहना। कोई मुरगा बना था, कोई एक पैर पर खड़ा था, किसी को हाथ उठाने की सजा तो कोई किसी और रूप में सजा काट रहा था। समय गुजरता जा रहा था और सीनियर्स थे कि आने का नाम ही नहीं ले रहे थे। लगभग डेढ घंटे के बाद उन लोगों का आना हुआ।
आने के बाद सभी की सजा समाप्त हुई। सीनियर्स ने हम सभी को कुछ टिप्स दिये कि कैसे मिलजुल कर रहना है। बताया कि प्रत्येक को अपने से बड़े का सम्मान करना है। सभी की मदद करनी है, यह भी बताया कि घर से दूर होने के कारण हम सभी को घर की तरह से रहना है।
इसके बाद सीनियर्स जाने का कार्यक्रम बनाने लगे। घड़ी में समय देखा तो सुबह के पाँच बजने को थे। इसके बाद सीनियर्स अपने साथ हम लोगों को रेलवे स्टेशन तक ले गये और वहाँ खुले हुए रेस्टोरेंट में बढ़िया चाय-नाश्ता करवाया। रात भर की थकान, रैगिंग का डर तब तक निकल चुका था।
इसके बाद भी हास्टल में रैगिंग हुई, मगर चुहल भरी। हाँ, मारपीट की घटना भी किसी एकाध के साथ ही हुई, वो भी एक-दो झापड़ों तक की, वो भी किसी आत्मीयता से भरी। आज लगभग 16 साल बाद भी हास्टल की वो आत्मीयता भरी रैगिंग बहुत याद आती है।

रविवार, 8 नवंबर 2009

पहले तो मेरे हाथ कँपे और फिर मेरे पैर.... ऐसे जीता पहला कप########## दीपक 'मशाल'




दोस्तों यूं तो जिंदगी की अप्रत्यक्ष लम्बाई वाले सफ़र में हमें कई अहसासों से रूबरू होना पड़ता है, कई चाहे अनचाहे अहसासों से हमारी मुलाक़ात कराती है ये ज़िन्दगी नाम की हसीना.... लेकिन हर अहसास की कभी ना कभी शुरुआत होती है, किसी की ज़िन्दगी में कोई अहसास बहुत पहले होता है तो कभी किसी की में बहुत बाद में. लेकिन मेरे ख्याल से हर किसी को लगभग एक जैसे अहसास से गुज़रना ही पड़ता है, हाँ उनके रूप रंग अलग हो सकते हैं इतना ज़रूर है........और जब किसी अहसास की हमारे जीवन में शुरुआत होती है तो उसे हम कभी नहीं भूल पाते, क्योंकि वह, उस तरह का हमारा पहला अहसास होता है जो कि जीवन भर के लिए अविस्मरणीय याद बन के ताजे सीमेंट पर  बनाये गए पैरों के निशान कि तरह हमेशा के लिए हमारे दिल और दिमाग पर छप जाता है.....हम अगर उसे याद ना भी करना चाहें तब भी वो अपने आप याद आ ही जाता है, ठीक वैसी ही खुशबू, ठीक वैसे ही ताप, वैसी ही हवा, वैसी ही आर्द्रता का माहौल बनाते हुए.......
अनगिनत पहले अहसासों में से एक वैसा ही अहसास मेरे सामने अपने आप ही आकर खड़ा हो जाता है और मुझे खींच ले जाता है उस समय में जब मुझे अपने जीवन का पहला कप एक पुरस्कार के रूप में मिला था(मैं पढ़ाई के अलावा अन्य कार्यकलापों में मिलने वाले पुरस्कारों की बात कर रहा हूँ)....
ज्यादा पुरानी नहीं बस सन १९९३ की बात है, जब मैं सरस्वती विद्या मंदिर, गल्ला मंडी, कोंच का ७ वीं कक्षा का  छात्र था, पढ़ाई में अब्बल तो नहीं था लेकिन हाँ फिर भी तीसरे-चौथे नंबर पर रहता ही था. प्रारंभ से ही कला विषय में मेरी गहरी रूचि थी और ये बात सबपे ज़ाहिर हो चुकी थी क्योंकि शायद मेरे हाथों से सफ़ेद कागज़ पे आड़ी तिरछी गिरती रेखाएं कला के आचार्य जी को मेरे अन्य साथियों से बेहतर लगती थीं....
हमारे जिले में एक व्यक्तिगत संस्था 'ललित कला अकादमी, उरई' द्वारा हर वर्ष एक जिला स्तरीय बाल कला प्रतियोगिता का आयोजन होता था. उस वर्ष विद्यालय का प्रतिनिधित्व करते हुए ३ अन्य वरिष्ठ छात्रों के साथ मुझे भी उसमे भाग लेने का अवसर मिला. प्रतियोगिता एक कन्याविद्यालय(नाथूराम पुरोहित बालिका विद्यालय) में आयोजित होने के कारण मन में एक अजीब सी घबराहट तो पहले से ही थी की अगर चित्र अच्छा नहीं बना तो लड़कियों के सामने बेईज्ज़ती होगी. देखिये आप कि उतनी छोटी सी उम्र में भी इज्ज़त-बेईज्ज़ती का ख्याल पनपने लगता है... खैर और कई विद्यालयों से आये करीब ८० प्रतिभागियों के साथ मैं जब वहां पहुंचा तो पता चला कि 'मेरे शहर का मेला' विषय पर हम सबको सीमित समयावधि में एक रंगीन चित्र बनाना था.. कांपते हाथों से लगा चित्र बनाने.. रंग भी भर दिया.... साथ में कनखियों से औरों के भी देखते जाता कि कहीं मुझसे बेहतर तो नहीं बन रहा है.....कहीं कोई मुझसे जल्दी तो नहीं बना रहा है.... खासकर लड़कियों से डर था और एक लड़के से जो कि शहर के मशहूर पेंटर का सबसे छोटा बेटा था लेकिन था वो भी कमाल का चित्रकार....
करीब १ घंटे की मशक्कत के बाद चित्र बन तो गया लेकिन औरों के चित्र देखता तो कहीं ना कहीं कसक उठती कि 'यार इसने जो चीज़ डाली है वो मैं भी डाल सकता था लेकिन मैं क्यों नहीं सोच पाया?  ओये उसकी कुल्फी वाले कि कमीज़ लाल अच्छी लग रही है मैंने हरी पहिना दी... उसने तो झूले में ८ पालकियां बनाईं मैंने ६ ही... अरे इसने तो मेले में बारिश भी दिखा दी अब इसका तो इनाम पक्का...' वगैरह वगैरह
अब बैठ गया मन मसोस कर और लगा सोचने कि 'बेटा दीपक तुम तो निकल लो पतली गली से, ये तुम्हारे बस का रोग नहीं, लोगों को तुझसे कई गुना ज्यादा कला कि समझ है.... आदि आदि.'
करीब आधे घंटे के बाद परिणाम घोषित हुए तो सबसे पहले तीसरे स्थान प्राप्त मेरे एक वरिष्ठ को बुलाया गया तो मन शंका से भर उठा कि 'इन भैया को पिछले साल जब प्रथम स्थान मिला था तो मैं सराहनीय पाया था, जब इस बार इन्हें खुद ही तृतीय मिला तो तेरा क्या होगा कालिए?'
दूसरे स्थान के लिए जैसी कि उम्मीद थी नगर के पेंटर महोदय के बेटे को बुलाया गया.... मैं बैठा रहा लड़कियों से नज़र बचा के दीवाल ताकने...
मगर अचानक प्रथम स्थान के लिए लगा जैसे एक नाम दीपक कुमार चौरसिया निर्णायक महोदय ने पुकारा हो...
मुझे अपने कानों पे विश्वास नहीं हुआ और लगा कि कोई और दीपक होगा.... लेकिन जब २ बार उन्होंने फिर से विद्यालय का नाम लेकर बुलाया तो शरीर में कुछ हलचल हुई.. लेकिन उठने की हिम्मत ही नहीं हुई, पैर जैसे जमीन पे चिपक गए... अब पुरस्कार लेने जाएँ तो कैसे जाएँ मेरे तो पैर कांपे जा रहे थे भाई, इस अप्रत्याशित निर्णय(आघात) से... तभी मेरे ही एक वरिष्ठ भैया जी ने मुझे हिलाया और कहा दीपक भाई जाओ तुम्हारा ही नाम पुकार रहे हैं मुबारक हो!!!!  तब जाके किसी तरह मैं खड़ा हुआ और लगभग दौड़ता सा स्टेज पर पहुंचा, पुरस्कार लेते समय आँखों के सामने अँधेरा छा गया, फिर भी जैसे तैसे अपने दिल की धड़कनों पर काबू पाते हुए... कप को अपने हाथों में लेके सीने से चिपटा  लिया.. ऐसे जैसे कि वो वापस छीन लेंगे... और अपनी जगह वापस आने के करीब १५-२० मिनट बाद जब सामान्य हुआ तो मन बल्लियों उछल रहा था और झूमने का मन कर रहा था..... लगता था की सारी दुनिया को चिल्ला चिल्ला के बता दूं कि मैंने क्या जीता है.....हो ना हो आधे मोहल्ले को तो वो कप दिखाया ही था.....
तो ऐसा था मेरा पहला कप जीतने का अहसास, जिसके बाद जीवन में कई पुरस्कार मिले कभी शिक्षा के लिए तो कभी कविता-कहानी के लिए, कभी अभिनय के लिए तो कभी सामान्य ज्ञान के लिए...... यहाँ तक कि उसी चित्र पर जिला स्तर पर भी द्वितीय स्थान मिला मगर उस अहसास के जैसा अहसास, फिर कभी नहीं हुआ... यहाँ पर एक आवश्यक प्रार्थना भी सुना रहा हूँ जो अक्सर प्रभु से करता रहता हूँ......जिसके बिना ये पोस्ट अधूरी है......


इक हाथ
कलम दी देव मुझे,
दूजे में
कूंची पकड़ा दी,
संवाद मंच पर बोल सकूं
ऐसी है तुमने जिह्वा दी.......
पर इतने सारे मैं हुनर लिए
कहीं विफल सिद्ध ना हो जाऊं,
तूने तो
गुण भर दिए बहुत,
खुद दोषयुक्त ना हो जाऊं.
भूखे बच्चों के पेटों को
कर सकूं अगर,
तो तृप्त करुँ...
जो बस माथ तुम्हारे चढ़ता हो
वो धवल दुग्ध ना हो जाऊं......
इतनी सी रखना कृपा प्रभो
मैं आत्ममुग्ध ना हो पाऊं......
मैं आत्म मुग्ध ना हो पाऊं....
आपका-
दीपक 'मशाल'
चित्रांकन-  दीपक 'मशाल'

बुधवार, 21 अक्टूबर 2009

जब पहली बार स्कूटर चलाया

कालेज में पढाई के दिनों एक रविवारीय अवकाश के दिन मै दोपहर में श्री कल्याण राजपूत छात्रावास ,सीकर के अपने कमरे में विश्राम कर रहा था कि मेरे दो दोस्त रामपाल जी गाडोदिया और रविन्द्र जी जाजू प्रिया स्कूटर लेकर आये और कहने लगे कि चलो औधोगिक क्षेत्र की सूनी पड़ी सड़क पर स्कूटर चलाना सीखते है वे दोनों दोस्त समझते थे कि मुझे स्कूटर चलाने का अनुभव है ताकि सिखने में मै उनकी पूरी मदद करूँगा | हालाँकि उस दिन तक मुझे भी स्कूटर चलाना नहीं आता था लेकिन बस यूँ ही फेंक रखी थी कि मै तो ड्राइविंग में एक्सपर्ट हूँ | खैर में भी स्कूटर पर उन दोनों के पीछे बैठ गया स्कूटर रामपाल जी चला रहे थे उन्होंने भी उस दिन पहली बार स्कूटर पर हाथ मारा था | उस दिन रामपाल जी के बड़े भाई ओम जी जिनका स्कूटर था बाहर गए हुए थे इसलिए पीछे से स्कूटर उडाने का अच्छा मौका हाथ लगा था |
उस दिन सबसे मजे की बात तो यह रही कि रामपाल जी पहली बार स्कूटर चलाकर ५ कि.मी. भीड़ भाड़ वाले इलाके से निकल मेरे होस्टल पहुँच गए और फिर भी औधोगिक क्षेत्र की सूनी सड़क पर जाकर चलाना सीखना चाहते थे |
रास्ते में एक मौड़ पर स्कूटर गिरने के बाद आखिर हम तीनो औधोगिक क्षेत्र की सूनी पड़ी सड़क पर पहुँच गए और वहां बारी बारी से एक एक कर स्कूटर चलाने लगे | जब पहली बार स्कूटर में गियर डाल जैसे ही कल्च छोडा स्कूटर झटका खाकर बंद हो गया जिसे मैंने यह कह कर टाल दिया कि ये स्कूटर पहली बार हाथ में आया है ना इसलिए बंद हो गया | लेकिन दूसरी बार बिना किसी दिक्कत के हम स्कूटर चलाने में कामयाब रहे और तो और उसी समय पांच सात किलोमीटर चलाने के बाद साइकिल की तर्ज पर स्कूटर भी थोडा हाथ छोड़कर चलाने की कोशिश की | उसमे भी कामयाबी मिल ही गयी और हम अपने दोनों दोस्तों को यह यकीन दिलाने में कामयाब रहे कि हमें तो स्कूटर चलाना पहले से ही आता था लेकिन उस एक आध घंटे में बिना घुटने तुडवाये जो स्कूटर चलाने पर अपने मन में अपने आप पर जो गर्व का अहसास हो रहा था उसका शब्दों में वर्णन नहीं किया जा सकता |

चित्र कालेज में पढ़ते समय का है जिसमे क्रमश: बाए से रविन्द्र जी जाजू ,मै व रामपाल जी है

रविवार, 18 अक्टूबर 2009

पहला अहसास --ज्ञान व अन्य भाषा का ज्ञान भी अत्यावश्यक.----

हम एक सामान्य, सहज,स्वतः आने वाले ऋजु-मार्ग के अनुगामी परिवार थे , अधिक तेज दौड़ने में विशवास न रखकर स्वतः ही जो प्राप्त हो , सत्य, न्याय मार्ग से; उस के अनुगमन करने वाले पिता एक मध्यम आय व वर्ग के सम्माननीय नागरिक ; जो सोचते थे कि व्यक्ति को अच्छा व्यक्ति होना चाहिए ,धंधा तो कुछ भी किया जासकता है जीवन यापन के लिए , हम बच्चे, भाई -बहिन आदि अच्छी तरह ज्ञान लें, पास हों तो ठीक ,बहुत मारा-मारी ,अच्छे नम्बर आदि की चिंता नहीं। मेरे ख्याल में उस समय सभी के यही विचार थे। (सभी के एकसे कभी नहीं होते ), यद्यपि उस समय स्कूल छोड़ने पर दंड ,फाइन होता थापर फ़िर भी अधिकतर अबिभावक चिंता नहीं करते थे , सरकार शिक्षा को प्रोमोट कर रही थी। नेता , अफसर,व्यापारी ,सामान्य जन-ईमानदार था, हाँ आज़ादी के फल चखने की प्रवृत्ति धीरे-धीरे सिर उठा रही थी। भारतीय ज्ञान, संस्कृति,आदि पर हमले सुनकर बुरा तो लगता था पर विरोध की कोई राह नहीं दिखती थी ।
में ५थ क्लास पास करके घर बैठ गया , कुछ भी कर लेंगे,परन्तु लगभग २ वर्ष बाद मेरे बड़े भाई (जो परिवार में अधिक जागरूक थे व १० क्लास में थे ), ने अचानक सोचा कि तुम ८ वीं की परिक्षा प्राइवेट दो , फ़ेल भी चलेगा । फेल होने पर मुझे एक स्कूल में ८थ में भर्ती किया गया।
मुझे अंग्रेजी बिल्कुल नहीं आती थी, दूसरे ही दिन , स्कूल में क्लास का टाइम टेबल अंग्रेजी में था ; मैंने क्लास -मानीटर से पूछा , यह ,क्या लिखा है? उसका उत्तर था , तुम नहीं समझ पाओगे । बस वही क्षण था जब मैंने प्रथम बार अहसास किया कि मुझे,ज्ञान की , अंग्रेजी भाषा ज्ञान की कितनी आवश्यकता है , अंग्रेजी दां लोग, विदेशी रंग में रंगे लोगों को जवाब देने के लिए यह भाषा अवश्य सीखना चाहिए, विरोधी स्वरों के प्रत्युत्तर की यह भी एक राह है ,तथा आगे बढ़ने के लिए, शिक्षा प्राप्त करना कितना आवश्यक है ; और फ़िर आज तक मैंने मुड़ करपीछे नहीं देखा। संसार के साहित्य, संस्कृति, धर्म, विचार, दर्शन जानकर मुझे पुनः अनुभव व निश्चय हुआ कि --" पर भारत की बात निराली " , हर क्रिटिसिज्म व विरोधी विचार का उत्तर दिया जा सकता है।

गुरुवार, 15 अक्टूबर 2009

पब्लिक फोन से मिलाते रहे एस0टी0डी0

आज के बच्चे पैदा होते ही फोन, मोबाइल का इस्तेमाल करना शुरू कर देते हैं। हमें अच्छी तरह याद है कि उस समय हम कक्षा आठ में पढ़ा करते थे। हमारे चाचा जी उस समय कानपुर में नौकरी करते थे। एक बार घर आने पर उन्होंने अपने बैंक का फोन नम्बर पिताजी को यह कहते हुए दिया कि यह फोन हमारी टेबिल पर ही है अब सीधे बात हो जाया करेगी। हमने और हमारे छोटे भाई ने भी चाचा से उनका फोन नम्बर ले लिया।
हमने कक्षा 6 से कक्षा 12 तक की शिक्षा राजकीय इंटर कालेज से प्राप्त की है। इसके पास ही जिला चिकित्सालय है, जहाँ हमारी मामी उन दिनों नौकरी किया करतीं थीं। मामा-मामी चिकित्सालय के कैम्पस में ही रहा करते थे। हम अपने दोस्तों सहित लगभग रोज ही मामा-मामी के घर जाया करते थे।
इसी आवागमन के दौरान हमने एक दिन देखा कि चिकित्सालय में इंमरजेंसी वार्ड में एक फोन लगाया जा रहा है। हम लोगों के लिए बड़ी ही आश्चर्य की चीज थी वह फोन। अब मौका लगते ही हम लोग फोन को छूकर देख आते थे। अभी तक तो फोन अपने प्रधानाचार्य के कमरे में ही लगा देखा था या फिर मामी के आफिस में पर यहाँ कभी छूने को तो मिला नहीं था।
एक दिन मन में आया कि चाचा से बात की जाये। मामा से पूछा कि जो फोन यहाँ लगा है उससे बात कैसे होती है? मामा ने बताया कि उसमें नम्बर लिखे हैं, जिस फोन नम्बर पर बात करनी हो उनको घुमाओ और जब एक ट्रिन-ट्रिन जैसी आवाज सुनाई दे तो उसमें एक रुपये का सिक्का डाल दो। हमसे मामा ने पूछा कि कहाँ बात करनी है तो हमने कहा बस ऐसे ही जानकारी कर रहे थे।
अब समझ में आ गया था कि फोन कैसे करना है। वहाँ जाकर एक-दो नम्बर को घुमा कर ट्रिन-ट्रिन की आवाज भी सुन आये थे और अपनी छोटी सी जेबखर्च की राशि में से एक रुपया गँवा कर आवाज भी सुन आये थे। लगा कि अब चाचा से बात करनी आसान हो जायेगी। एक रुपये में जब चाहो चाचा से बात कर लो। खुशी तो बहुत थी पर ये मालूम नहीं था कि ये पब्लिक टेलीफोन है जो मात्र लोकल ही काम करेगा।
एक दिन चुपचाप फोन के पास पहुँचे, एक हथेली में चाचा की बैंक का नम्बर और दूसरी में एक का सिक्का दबाये। नम्बर घुमाये और इन्तजार कि अब ट्रिन-ट्रिन की आवाज सुनाई दे, नहीं सुनाई दी। एक बार, दो बार, तीन बार......फिर न जाने कितनी बार नम्बर घुमाया पर आवाज सुनाई नहीं दी।
पहले लगा कि शायद फोन खराब है। तभी एक आदमी ने आकर बात की तो लगा कि हम लोग ही गड़बड़ कर रहे हैं। अब हताश, हारे हुए सिपाही की तरह से बापस लौटे। दुख था चाचा से बात न हो पाने का फिर लगा कि कहीं गलत नम्बर तो नहीं लिख लिया? दिमाग दौड़ाते हुए घर आये, नम्बर देखा, एकदम सही।
घर में पिताजी से पूछने की हिम्मत नहीं हुई। अगले दिन कालेज से मामा के पास गये और अपनी समस्या बताई। मामा ने समझाया कि इस फोन से बस लोकल ही बात हो सकती है, एस0टी0डी0 नहीं। तब अपनी मूर्खता पर बहुत हँसी आई जो गाहेबगाहे आज भी फोन करने की बात सोच-सोच का आ ही जाती है। नादानी भले ही रही हो पर फोन करने का एहसास, फोन छूने का एहसास आज भी है।
फोन का वह एहसास भी है जब पहली बार फोन से बात की थी। इस बारे में बाद में।

शुक्रवार, 9 अक्टूबर 2009

कार चलाना सीखा बिना किसी सहारे के

दीपावली के समय की बात है, आज से लगभग 12-13 वर्ष पहले। हमारे चाचाजी उस समय ग्वालियर में थे और अपनी कार से आये थे। उन्होंने उस समय कार नई-नई खरीदी थी। तब तक हमें कार चलानी नहीं आती थी। घर में पहली कार भी वही थी। अपनी पढ़ाई के दौरान ग्वालियर में कई दोस्तों के घर में कार थी पर सोचा करते थे कि जब अपने घर में कार आयेगी तभी चलाना सीखेंगे।
त्यौहारों पर सभी चाचा लोग यहाँ उरई में इकट्ठा होकर उन्हें हँसी-खुशी से मनाते हैं। अब माहौल भी उमंग भरा था और घर में कार भी खड़ी थी। हमने चाचा से कार सिखाने के लिए कहा तो चाचा ने कहा कि हमें सिखाते हुए डर लगता है तुम खुद सीख लो।
अब समझ नहीं आया कि क्या किया जाये? एक-दो दिन तो ऐसे ही ऊहापोह में गुजर गये। तीसरे दिन हमने और हमारे छोटे भाई ने हिम्मत करके कार की चाबी उठाई और घुस गये कार में। हालत ये थी कि न तो हमें कार चलानी आती थी और न ही हमारे छोटे भाई को।
इसके बाद भी हिम्मत करके चाबी लगाई, घुमाई और कार स्टार्ट। चूँकि हमारे घर के पास जगह कम होने के कारण कार सीधी तो आ जाती है पर जब उसे सड़क तक लाना हो तो बैक करके ही लाना होता है। कार चलाना सीखना भी था तो समझ नहीं आया कि अभी सीधे-सीधे तो चलानी आती नहीं है बैक कैसे करेंगे?
हम बैठे थे ड्राइविंग सीट पर और छोटा भाई बगल में। लगाया बैक गियर और कार धीरे-धीरे पीछे को जाने लगी। ऐसा अभी तक आराम से हो रहा था तो हिम्मत भी आ रही थी। जैसे-तैसे चार-पाँच बार कार के बन्द होने के बाद वह सड़क पर आ गई।
अब लगाया गियर एक और दबाया एक्सीलेटर पर गाड़ी रफ्तार ही न पकड़े। छोटा भाई कहें कि ब्रेक पर पैर न रखना, हमने देखा कि हम ब्रेक पर पैर भी नहीं रखे हैं पर गाड़ी अपनी रफ्तार में नहीं है।
लगा कि कहीं कुछ गड़बड़ न हो जाये। कार को बन्द कर नीचे उतर आये। अबकी छोटा भाई ड्राइविंग सीट पर बैठा कार स्टार्ट और फिर वही स्थिति। कुछ समझ नहीं आया। तभी मोहल्ले के एक भाईसाहब निकले, हमने आवाज देकर उन्हें बुलाया और अपनी समस्या बताई। भाईसाहब ने एक पल की देरी किये बिना कहा कि देखो हैंडब्रेक तो नहीं लगा है?
अब पता तो था नहीं कि ये क्या बला होती है। भाईसाहब ने बताया और उस समस्या को दूर किया। अब कार अपनी असल रफ्तार पर थी। अब एक और समस्या, गियर लगायें तो उसी तरफ देखने लगें कि कौन सा लगा है और पता चले के कार सड़क के दूसरी ओर भागने लगे। फिर कार को सड़क के बीच में लायें और जब अगला गियर डालें तो फिर वही स्थिति। लगभग एक घंटे तक सड़क पर कार को हम दोनों भाई दौड़ाते रहे और सीख भी गये।
इस कार सीखने में अच्छाई यह रही कि हमने किसी को चोटिल नहीं किया। अगले दिन हम अपनी दादी, अम्मा, चाची को कार में बिठा कर पास के राध-कृष्ण मंदिर के दर्शन करवाने ले गये। भीड़ में कार चलाना सीखना और फिर परिवार के सदस्यों को घुमाने ने गजब का आत्मविश्वास ड्राइविंग को लेकर पैदा किया जो आज तक बना हुआ है।
चाचा की एक बात आज भी याद आती है जो उन्होंने हम लोगों के लौटने के बाद कही थी कि यदि तुममे कार चलाना सीखने की हिम्मत होगी तो बिना किसी सहारे के सीख लोगे, हम क्या कोई भी तुमको सिखा नहीं सकेगा। आज लगता है कि यह बात हर एक काम में लागू होती है।